पंजाब कांग्रेस को झटका: विधायक राजकुमार चब्बेवाल ने पार्टी से दिया इस्तीफा
पंजाब कांग्रेस को झटका: विधायक राजकुमार चब्बेवाल ने पार्टी से दिया इस्तीफा, थामेंगे आम आदमी पार्टी का दामन
चब्बेवाल विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने पार्टी छोड़ दी है। वे आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इसके लिए वे सीएम आवास पहुंच चुके हैं। चब्बेवाल दोआबा के बड़े दलित नेता हैं, उनके इस्तीफे से पंजाब कांग्रेस में खलबली मच गई है।
पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस विधायक दल के उप नेता और चब्बेवाल विधायक डॉ. राजकुमार ने पार्टी और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ ही देर में मुख्यमंत्री निवास पर आम आदमी पार्टी में शामिल हो जाएंगे। आम आदमी पार्टी की ओर से उन्हें होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद के चुनाव में मैदान में उतारा जाएगा।
राजकुमार चब्बेवाल दो बार कांग्रेस की टिकट पर चब्बेवाल से विधायक बन चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से केवल राजकुमार चब्बेवाल को ही होशियारपुर हलके में जीत मिली थी।
चब्बेवाल दलित समुदाय के बड़े नेता माने जाते हैं। वे लंबे समय तक पंजाब प्रदेश कांग्रेस के एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। पिछला लोकसभा चुनाव वे कांग्रेस की टिकट पर लड़े थे, हालांकि उन्हें भाजपा के सोमप्रकाश से हार मिली थी। डॉ. चब्बेवाल दोआबा के जाने माने रेडियोलॉजिस्ट हैं और उनके कई सेंटर हैं। उनके पिता पूर्व सैनिक हैं।