हिमाचल मौसम: कोहरे और शीतलहर से परेशानी, 11 जनवरी से बारिश-बर्फबारी के आसार
Himachal Weather: हिमाचल में कोहरे और शीतलहर ने बढ़ाई परेशानी, 11 जनवरी से दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार
हिंदी टीवी न्यूज़, शिमला Published by: Megha Jain Updated Fri, 10 Jan 2025
प्रदेश के कई जिलों में लगातार जारी शीतलहर व घना कोहरा छाए रहने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। राज्य के सात स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस व तीन जगह शून्य डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में लगातार जारी शीतलहर व घना कोहरा छाए रहने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। ऊना, हमीरपुर, मंडी और बरठीं में शीतलहर से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बिलासपुर, ऊना, मंडी व देहरागोपीपुर में घना कोहरा छाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऊना में कड़कड़ाती ठंड की वजह से शुक्रवार को सुबह लोग घरों में दुबके रहे। दुकानदार भी दुकानों के आसपास अलाव का सहारा लिया। राज्य के सात स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस व तीन जगह शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
कल से माैसम बिगड़ने के आसार, शीतलहर व कोहरे का अलर्ट
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11 जनवरी को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 12 जनवरी को राज्य के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी व निचले पर्वतीय-मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिशकी संभावना है। 13 जनवरी से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने की संभावना है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। 10 जनवरी की देर रात और 11 जनवरी की सुबह, 13 और 14 जनवरी की सुबह और देर रात के दौरान निचले पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट है। इसी तरह 10 जनवरी की देर रात और 11 जनवरी की सुबह के समय अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है।