रवनीत बिट्टू का करीबी गिरफ्तार, केंद्रीय मंत्री बोले- दिल्ली हार का बदला ले रही आप

रवनीत बिट्टू का करीबी गिरफ्तार: भड़के केंद्रीय मंत्री बोले-दिल्ली की हार का बदला ले रही आप
हिंदी टीवी न्यूज़, लुधियाना (पंजाब) Published by: Megha Jain Updated Mon, 10 Feb 2025
लुधियाना पुलिस ने तीस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में तीन लोगों को पकड़ा था। उन्होंने राजीव राजा का नाम लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
लुधियाना पुलिस ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू के खासमखास राजीव राजा को रंगदारी मामले में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के इस एक्शन से रवनीत बिट्टू भड़क गए हैं और संसद का सत्र खत्म होने के बाद चंडीगढ़ में सीएम निवास के बाहर पहुंच कर खुद गिरफ्तारी देने की धमकी तक दे डाली है।
बिट्टू का तर्क है कि दिल्ली में मिली हार के बाद आम आदमी पार्टी अब बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार लुधियाना के माल एनक्लेव निवासी रवीश गुप्ता ने तीस लाख रुपये की रंगदारी मांगने पर पुलिस में एक्शन लिया है। इस मामले में पुलिस ने पहले तीन लोगों को काबू किया था। उनसे पूछताछ में राजीव राजा का नाम सामने आया। उनके मोबाइल में राजीव राजा की काल डिटेल सामने आईं। इस पर पुलिस ने राजीव राजा को हिरासत में लेने के बाद उनकी गिरफ्तारी डाल दी। राजा का नाम रंगदारी मांगने के मामले में सामने आया है। पुलिस अधिकारियों की और से मामले में कुछ कहने से गुरेज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एक कारोबारी को विदेशी नंबर से फोन आया था। इसमें तीस लाख रुपये की मांग की गई थी। रकम न देने पर मारने की धमकी दी गई थी। इस पर थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। एडीसीपी क्राइम अमनदीप बराड़ का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि इस मामले में राजीव राजा की क्या भूमिका है। इस संबंध में सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं।