हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर: अलर्ट जारी

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर: आज से तीन दिन तक होगी बारिश; ओलावृष्टि के आसार, अलर्ट जारी
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 1 से 3 मार्च तक बारिश के साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी आसार है। हालांकि पहले दिन पूरे प्रदेश में इसका असर दिखाई नहीं देगा। मगर, 2 मार्च को पूरे प्रदेश पर इसका असर होगा। इसके बाद धुंध छाएगी और तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी।
उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय हुए मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। इस दौरान 1 से 3 मार्च तक प्रदेश में बारिश होगी। साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी आसार है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से वीरवार रात से बादल छाने शुरू हो गए थे। शुक्रवार को इसके प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी। हालांकि पहले दिन पूरे प्रदेश में इसका असर दिखाई नहीं देगा। मगर, 2 मार्च को पूरे प्रदेश पर इसका असर होगा।
दूसरे दिन कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना भी रहेगी। इसके बाद 3 मार्च को भी कुछ जगहों से हल्की से मध्यम बारिश होगी। बादल छाए रहने के कारण इन तीन दिनों में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। हालांकि इसके बाद धुंध छाएगी और तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी।
फरवरी में प्रदेश में हुई 15.2 एमएम बारिश, सामान्य से 12 प्रतिशत कम
बारिश के लिहाज से फरवरी माह ठीकठाक गया। इस दौरान प्रदेश में 15.2 एमएम बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 12 प्रतिशत कम रही। प्रदेश में इस माह में 17.3 एमएम सामान्य बारिश होती है।