हिमाचल मौसम: कई क्षेत्रों में बदला माैसम, लाहौल-स्पीति में बर्फबारी से गिरा तापमान

Himachal Weather: हिमाचल के कई भागों में माैसम ने बदली करवट, लाहौल-स्पीति में बर्फबारी; तापमान गिरा
हिंदी टीवी न्यूज़, शिमला/कुल्लू Published by: Megha Jain Updated Wed, 09 Apr 2025
प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में बुधवार सुबह ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई है।
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में माैसम ने करवट बदली है। प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में बुधवार सुबह ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई है। इससे घाटी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, घाटी में वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही है। राजधानी शिमला में भी आज हल्के बादल छाए हुए हैं।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9, 10 और 11 व 12 अप्रैल को राज्य के चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहाैल-स्पीति, किन्नौर और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी हो सकती है। जबकि 10, 11 और 12 अप्रैल को निचले पर्वतीय-मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इस दाैरान कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। 13 से 15 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
तापमान में आएगा ये बदलाव
अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। वहीं राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। वहीं आज कुछ स्थानों पर गर्म हवाएं चलने का अलर्ट है।