हिमाचल BJP: डॉ. बिंदल के खिलाफ शिकायत से गुटबाजी तेज, गरमाई राजनीति

Himachal BJP: भाजपा में फिर सुलगी गुटबाजी की चिंगारी, डॉ. राजीव बिंदल के खिलाफ शिकायत से गरमाई राजनीति
हिंदी टीवी न्यूज़, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Wed, 09 Apr 2025
हिमाचल भाजपा गुटबाजी की चिंगारी एक बार फिर सुलग गई है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नई दिल्ली पहुंच गए हैं।
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति पर फैसला होने से पहले भाजपा के अंदर फिर से गुटबाजी की चिंगारी सुलग गई है। पूर्व भाजपा विधायक रमेश धवाला और होशियार सिंह के घर पार्टी कुछ नेताओं के जुटने से हिमाचल में सियासी पारा चढ़ गया है। इधर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के खिलाफ लिखी गई एक चिट्ठी और इस पर छोटा शिमला थाने में शिकायत दर्ज होने की घटना के बाद भी पार्टी में गुटबाजी फिर सामने आई है।
पूर्व मंत्री रमेश धवाला और उपचुनाव में देहरा से भाजपा के प्रत्याशी रहे होशियार सिंह के घर पर पिछले दिनों भाजपा के नेताओं की बैठकों के अलग-अलग दौर चले। इन्हें भाजपा के अंदर चल रही गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है। देहरा जिला में भाजपा मंडलों के चुनाव पर रमेश धवाला पहले ही खुलकर सवाल खड़े कर चुके हैं और समानांतर मंडल इकाई बनाने का भी प्रयास कर चुके हैं।