Chandigarh: किसानों को रोकने के लिए यूटी पुलिस ने कसी कमर, सीमाएं सील

चंडीगढ़ में घुसने नहीं देंगे: किसानों को रोकने के लिए यूटी पुलिस ने कसी कमर, भारी सुरक्षा बल तैनात, सीमाएं सील
हिंदी टीवी न्यूज़, चंडीगढ़ Published by: Megha Jain Updated Tue, 04 Mar 2025
पंजाब के किसान चंडीगढ़ में पक्का मोर्चा लगाने के लिए कूच करने की तैयारी में है। वहीं, चंडीगढ़ पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए कमर कस ली है। पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी भी फिल्ड पर उतर गए हैं।
मांगों को लेकर खनौरी और शंभू बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन की आग अब चंडीगढ़ तक पहुंच रही है। किसानों ने एलान किया है कि वह पंजाब व हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ की तरफ कूच करेंगे। हालांकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक दिन पहले सोमवार को किसान नेताओं के साथ बैठक की थी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने किसानों को चंडीगढ़ में पक्का मोर्चा न लगाने की अपील की थी। बावजूद इसके किसान चंडीगढ़ कूच के लिए अड़े हुए हैं।
इधर, पंजाब के किसानों को चंडीगढ़ में आने से रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने भी कमर कस ली। चंडीगढ़ पुलिस विभाग की तरफ से शहर की पंजाब के साथ लगने वाली सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं, किसानों को रोकने के लिए पूरे शहर में 2500 जवानों को तैनात किया जाएगा। पूरे शहर में 12 स्पेशल नाकों पर करीब 1200 जवानों के अलावा एसएचओ व डीएसपी को तैनात किए गए हैं। उच्चाधिकारियों की तरफ से आदेश जारी कर दिए गए हैं कि अगर किसानों ने चंडीगढ़ कूच कर सड़कों पर जाम लगाया तो बल प्रयोग किया जाए। पुलिस को लाठीचार्ज के आदेश जारी किए गए हैं।