Himachal: सैलानियों से गुलजार हुए लाहौल के पर्यटन स्थल
Himachal: सैलानियों से गुलजार हुए लाहौल के पर्यटन स्थल, क्रिसमस-नववर्ष पर मनाली में तैनात होंगे अतिरिक्त जवान
हिंदी टीवी न्यूज़, रोहतांग(लाहाैल-स्पीति)/मनाली (कुल्लू) Published by: Megha Jain Updated Tue, 17 Dec 2024
जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार होने लगे हैं। लाहौल के कोकसर और ग्रांफू में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार होने लगे हैं। लाहौल के कोकसर और ग्रांफू में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। वीकेंड पर जहां लाहौल के सिस्सू, कोकसर व ग्रांफू में हजारों की संख्या में सैलानी पहुंचे थे, वहीं वीकेंड के बाद भी पर्यटकों का पहुंचना जारी है। यहां पर सैलानी साहसिक गतिविधियों का खूब आनंद ले रहे हैं। पर्यटक स्कीइंग के अलावा ईटीवी का खूब लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं रोहतांग की पहाड़ी में जमी बर्फ को देखकर भी पर्यटक उत्साहित हैं। हालांकि, ताजा बर्फबारी नहीं होने के कारण उन्हें मायूसी का सामना करना पड़ रहा है। दिसंबर माह से एकाएक सैलानियों की संख्या को देखकर पर्यटन कारोबारी भी गदगद हैं।
मनाली में क्रिसमस-नववर्ष पर अतिरिक्त पुलिस जवान संभालेंगे मोर्चा
पर्यटन नगरी मनाली में क्रिसमस और नववर्ष नजदीक आते ही पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ गई है। सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। 25 दिसंबर तक इनकी संख्या में और इजाफा होगा। इसे देखते हुए पुलिस विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यातायात नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मनाली में अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। मनाली पुलिस ने पुलिस मुख्यालय से तीन रिजर्व और लगभग 100 होमगार्ड जवान मांगे हैं। जल्द मनाली में इनकी तैनाती होगी। क्रिसमस और नववर्ष के लिए मनाली पैक हो जाएगी। क्षमता से अधिक पर्यटकों की भीड़ जुटने से यातायात नियंत्रण सबसे बड़ी समस्या रहती है। हर साल कई किलोमीटर तक लंबी लाइन लग जाती है।
इस साल भी हर बार की भांति यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस जवान मांगे गए हैं। जवानों को मनाली के रांगड़ी से अटल टनल के साउथ पोर्टल तक तैनात किया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार यातायात नियंत्रण के लिए मनाली को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा जाएगा। हर सेक्टर में सेक्टर अधिकारी नियुक्त होंगे। पुलिस जवान यातायात नियंत्रण के साथ अवैध पार्किंग करने वालों पर भी शिकंजा कसेंगे। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मनाली के लिए तीन रिजर्व मांगी गई है। साथ ही जिले को 100 होमगार्ड जवान भी मिलेंगे। 16 दिसंबर से अतिरिक्त जवान तैनात करने की मांग रखी गई थी। विधानसभा सत्र होने के कारण क्रिसमस तक जवान मनाली पहुंच जाएंगे। उनके अनुसार यातायात नियंत्रण के लिए योजना बनाकर कार्य किया जाएगा।