Kisan Andolan: शंभू बॉर्डर पर किसान ने निगला सल्फास, मोगा में महा पंचायत आज
Kisan Andolan: शंभू बॉर्डर पर किसान ने निगला सल्फास, हालत गंभीर, मोगा में महा पंचायत आज, 40 हजार किसान जुटेंगे
हिंदी टीवी न्यूज़, पटियाला/मोगा (पंजाब) Published by: Megha Jain Updated Thu, 09 Jan 2025
Kisan Andolan: किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के एक किसान ने शंभू मोर्चा पर केंद्र सरकार की नीतियों से तंग आकर सल्फास निगल लिया। हालत बिगड़ने पर किसान को राजपुरा के सरकारी हॉस्पिटल में पहुंचाया गया है, जहां किसान की हालत गंभीर बनी हुई है।
खनौरी और शंभू बॉर्डर पर धरने पर बैठे किसानों का सब्र का बांध टूटने लगा है। वीरवार किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के किसान ने शंभू मोर्चा सल्फास निगल लिया। किसान ने आत्महत्या की कोशिश की है। किसान के सल्फास निगलने के तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पंजाब के तरनतारन के किसान रेशम सिंह ने शंभू बॉर्डर पर सल्फास निगला है। रेशम सिंह तरनतारन के गांव पहू का रहने वाला है। किसानों का आरोप है कि रेशम सिंह ने केंद्र सरकार, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की नीतियों से आहत हो कर सल्फास खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। किसान की हालत गंभीर बनी हुई है। किसान रेशम सिंह का इलाज राजपुरा के सरकारी हॉस्पिटल में चल रहा है।
10 को फूंकेंगे मोदी का पुतला, 26 को ट्रेक्टर मार्च
किसान नेताओं ने कहा कि 10 जनवरी को पूरे देश में ग्रामीण स्तर पर मोदी सरकार के पुतले जलाए जाएंगे, ताकि केंद्र सरकार को पता लग जाए कि गांवों के लोग एमएसपी गारंटी कानून के मुद्दे पर डल्लेवाल के संघर्ष के साथ खड़े हैं। 13 जनवरी को नई खेती नीति के ड्राफ्ट की कॉपियां देशभर में जलाई जाएंगी। 26 जनवरी को देशभर में ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि संघर्ष की अगली रणनीति की घोषणा दोनों मोर्चों से जल्द ही की जाएगी।